बिलासपुर में हथियारबंद गिरोह की दहशत: सूने मकानों को बना रहे निशाना, CCTV में कैद वारदात

बिलासपुर के सरकंडा-मोपका क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रविवार रात हथियारों से लैस एक प्रोफेशनल चोर गिरोह ने नकाब और ग्लव्स पहनकर एक सूने मकान को निशाना बनाया और करीब 4 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी करते नजर आए।

मोपका क्षेत्र के चिल्हाटी मोड़ स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी में रहने वाले नितेश रंजन पिछले 8 दिनों से अपने घर में ताला लगाकर बिहार गए हुए थे। 15 मार्च को कॉलोनी के लोगों ने उनके घर में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि मुख्य दरवाजे का सेंट्रल लॉक काटकर बदमाश घर में दाखिल हुए और अलमारी से गहने पार कर दिए।

पीड़ित ने मोबाइल पर CCTV फुटेज देखने के बाद करीब 4 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की जानकारी दी। उनके लौटने के बाद ही चोरी गए सामान का सही आकलन हो सकेगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इसी इलाके में एक अन्य घटना में विंदा धुरी के घर से चांदी के गहने और करीब 5 हजार रुपए नकद चोरी हो गए। वहीं, विवेकानंद नगर फेस-2 में एक बंद मकान में चोरी का प्रयास किया गया, जहां लोगों के पहुंचने पर आरोपी भाग निकला। घर से करीब 10 नलों की टोटियां चोरी होने की बात सामने आई है।

सरकंडा और मोपका इलाके में आधा दर्जन से ज्यादा घरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके अलावा बाइक चोरी के मामले भी तेजी से बढ़े हैं, जिनमें अलग-अलग इलाकों से कई मोटरसाइकिलें चोरी हो चुकी हैं।

CCTV फुटेज में देखा गया कि आरोपी वारदात के दौरान दस्ताने और मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं और चोरी के बाद दरवाजे को फिर से लॉक कर देते हैं, ताकि तुरंत किसी को शक न हो। पुलिस को आशंका है कि यही गिरोह पहले भी चकरभाठा स्थित हाईकोर्ट आवासीय परिसर और सिविल लाइन क्षेत्र में हुई चोरियों में शामिल रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई