चालान की कार्रवाई के दौरान विवाद, ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने जहर खाया

राजधानी भोपाल में पुलिस की चालानी कार्रवाई के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सिग्नल तोड़ने पर रोके गए ई-रिक्शा चालक की पत्नी ने कथित रूप से चूहामार दवा निगल ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना गुरुवार दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे की है। जानकारी के अनुसार, बरखेड़ी क्षेत्र निवासी नवल कुशवाहा उर्फ राहुल अपनी पत्नी पूजा के साथ ई-रिक्शा से जहांगीराबाद क्षेत्र से न्यू मार्केट की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह ट्रैफिक सिग्नल तोड़कर आगे बढ़ने लगा, जिस पर चेकिंग प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया।

पुलिसकर्मियों ने चालान काटने की बात कही और नियमों के उल्लंघन पर वाहन को थाने ले जाने की चेतावनी दी। आरोप है कि इसी बात से घबराकर ई-रिक्शा में पीछे बैठी उसकी पत्नी ने बैग से चूहामार दवा निकालकर खा ली।

महिला द्वारा जहर खाने की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात दोनों पुलिसकर्मी घबराकर कंट्रोल रूम की ओर चले गए। इसके बाद चालक ने ई-रिक्शा सड़क पर ही खड़ा कर कंट्रोल रूम में पहुंचकर हंगामा किया। उपस्थित लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की समझाइश के बाद वह पत्नी को अस्पताल लेकर गया।

हालांकि जहांगीराबाद और अरेराहिल्स थाना पुलिस को किसी भी अस्पताल से महिला के भर्ती होने या घायल होने की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वरिष्ठ अधिकारी मामले की जानकारी ले रहे हैं। ट्रैफिक एसीपी अजय वाजपेयी ने कहा है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई