धुरंधर 2 से पहले तीसरे पार्ट की चर्चा, मेकर्स बना सकते हैं बड़ा सिनेमैटिक यूनिवर्स

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद इसके तीसरे पार्ट को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि फिल्म के निर्माता तीसरे भाग की संभावना पर विचार कर रहे हैं और इसे बड़े सिनेमैटिक यूनिवर्स के रूप में विकसित करने की योजना बना रहे हैं।
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। फिल्म की सफलता के बाद इसके दूसरे भाग की घोषणा की गई थी, जो अब रिलीज के लिए तैयार है। ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने निर्देशक आदित्य धर के सामने ‘धुरंधर 3’ बनाने का प्रस्ताव रखा है। मेकर्स इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाते हुए इसे एक बड़े सिनेमैटिक यूनिवर्स में बदलना चाहते हैं। हालांकि निर्देशक की ओर से अभी तक इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
बताया जा रहा है कि आदित्य धर के पास तीसरे पार्ट को लेकर एक शुरुआती आइडिया मौजूद है, लेकिन इस पर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिल्म की लोकप्रियता और दूसरे पार्ट को लेकर दर्शकों में बने क्रेज को देखते हुए तीसरे भाग की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
इसके साथ ही मेकर्स ने ‘धुरंधर 2’ में पोस्ट क्रेडिट सीन जोड़ने का सुझाव भी दिया है। माना जा रहा है कि इस सीन के जरिए तीसरे पार्ट का संकेत दिया जा सकता है, ताकि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बना रहे। फिल्म के दूसरे भाग में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन भी नजर आने वाले हैं।





