अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी उड़ान शुरू, सप्ताह में दो दिन मिलेगी सेवा

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है। इस नई सुविधा के तहत पहली फ्लाइट दोपहर में मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी।
फ्लाइट सोमवार और बुधवार को उपलब्ध रहेगी। सोमवार को अंबिकापुर से सीधी दिल्ली उड़ान भरेगी, जबकि बुधवार को यह फ्लाइट बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इस रूट पर 72 सीटों वाला एटीआर विमान लगाया गया है।
इस सेवा के लिए शुरुआती किराया 6500 रुपए तय किया गया है, जो समय और उपलब्धता के अनुसार बदल सकता है। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और एयरलाइन की वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा अंबिकापुर से कोलकाता के लिए भी 2 अप्रैल से हवाई सेवा शुरू की जाएगी। यह फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। गुरुवार को फ्लाइट बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगी और फिर कोलकाता जाएगी, जबकि शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर के रास्ते कोलकाता के लिए उड़ान भरेगी। इस रूट का किराया लगभग 6000 रुपए रखा गया है।
हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा संभाग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और क्षेत्र का संपर्क देश के बड़े शहरों से बेहतर होगा।





