नेशनल हाईवे पर डीजल टैंकर पलटा, आग लगने से ड्राइवर और हेल्पर झुलसे

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे 30 पर एक डीजल टैंकर के पलटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई, जिससे ड्राइवर और हेल्पर गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा बिरेझर चौकी क्षेत्र के कोड़ेबोड़ गांव के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार टैंकर रायपुर की ओर जा रहा था, तभी अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। पलटते ही टैंकर में विस्फोट जैसी आवाज के साथ आग लग गई। टैंकर में भरा डीजल फैलने से आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की चपेट में आए ड्राइवर और हेल्पर को लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया और कुरुद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे को कुछ समय के लिए बंद कर दिया था, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार थी या तकनीकी खराबी। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के हादसों से बचने के लिए हाईवे पर सावधानी से वाहन चलाएं।





