धमतरी: अवैध शराब परिवहन और बिक्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

धमतरी।जिले के अलग-अलग इलाकों में अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को पकड़ा गया है और उनके कब्जे से लाखों की शराब और वाहन जब्त किए गए हैं।
सिहावा में बोलेरो से हो रहा था शराब का परिवहन
सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब भट्ठी मोड़ के पास एक बोलेरो वाहन से शराब की तस्करी हो रही है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बोलेरो (क्रमांक CG-27-K-2553) को रोका और उसमें सवार रिंकू मरकाम (25 वर्ष) और आशाराम मरकाम (24 वर्ष), दोनों निवासी आमाडीह, थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव को पकड़ा।
उनके कब्जे से 10 बॉटल फ्रंटलाइन अंग्रेजी शराब (कुल 7.5 लीटर, कीमत ₹7,000) और बोलेरो वाहन (कीमत ₹5 लाख) जब्त किया गया। दोनों आरोपियों पर थाना सिहावा में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मगरलोड में हो रही थी देसी शराब की बिक्री
थाना मगरलोड पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दुधवारा के सामुदायिक भवन के पास एक व्यक्ति अवैध शराब बेच रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने भुनेश्वर निषाद (51 वर्ष), निवासी सरकला, थाना पांडुका, जिला गरियाबंद को रंगे हाथ पकड़ा।
उसके पास से 24 पाव देसी मसाला शराब (कीमत ₹2,400) और बिक्री की राशि ₹240 बरामद की गई। उसके खिलाफ धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
रूद्री में महिला बेच रही थी शराब
थाना रूद्री को सूचना मिली कि ग्राम भटगांव के देवांगनपारा में एक महिला अवैध रूप से शराब बेच रही है। पुलिस ने मौके पर जाकर तिलेश्वरी बाई (33 वर्ष), निवासी भटगांव को पकड़ा।
उसके पास से 13 पाव देसी प्लेन शराब (कीमत ₹1,040) जब्त की गई। महिला के खिलाफ भी धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
धमतरी जिले की पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ मुहिम तेज कर दी है। लगातार मिल रही सफलता से यह साफ है कि पुलिस अब अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई करेगी।





