रायपुर में डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस: देशभर के 550 अफसर जुटेंगे, सुरक्षा संभालेंगे CRPF और SPG जवान

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 26 और 27 नवंबर को आयोजित होने जा रही डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए देशभर से करीब 550 शीर्ष अधिकारी पहुंचेंगे।
इनमें राज्य पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बल, इंटेलिजेंस ब्यूरो, सीबीआई, राजस्व खुफिया निदेशालय और अन्य एजेंसियों के अधिकारी शामिल होंगे। सभी अधिकारियों को एयरपोर्ट पर एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी रिसीव करेंगे और रैंकिंग के अनुसार अलग-अलग रेस्ट हाउस तथा होटलों में ठहराया जाएगा। उनके ठहरने वाले सभी स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों की तैनाती की जाएगी।
सम्मेलन की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य पुलिस और केंद्रीय फोर्स की कुल 5 कंपनियां ड्यूटी में लगाई जाएंगी। 28 से 30 नवंबर तक सम्मेलन स्थल पर सीआरपीएफ के जवानों के साथ आईबी की टीम लगातार निगरानी में रहेगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रवास के दौरान उनकी सुरक्षा एसपीजी द्वारा संभाली जाएगी और केंद्रीय बल सहयोगी की भूमिका में रहेंगे।
प्रोटोकॉल के अनुसार कई महत्वपूर्ण स्थानों तथा होटलों को 26 से 30 नवंबर तक रिजर्व कर दिया गया है। इन स्थानों पर आम लोगों की बुकिंग नहीं ली जाएगी। अधिकारियों, उनके सुरक्षा गार्ड, निज सचिव और वाहन चालकों के लिए भी अलग-अलग आवास की व्यवस्था की गई है।
25 नवंबर को आएगी एसपीजी
सम्मेलन से पहले सुरक्षा का पूरा खाका तैयार करने के लिए एसपीजी की टीम 25 नवंबर को रायपुर पहुंचेगी। टीम एयरपोर्ट, सम्मेलन स्थल, रुकने के स्थान, प्रदेश भाजपा कार्यालय और संभावित मार्गों का निरीक्षण करेगी। उधर, सम्मेलन में शामिल होने वाले अधिकारियों के लिए प्रोटोकॉल अफसरों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। सभी जिलों से आईजी और एसपी का ब्योरा मंगाया गया है, जिसके आधार पर प्रत्येक अधिकारी की ड्यूटी तय की जाएगी।




