संत कबीर जयंती पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल, गुरुद्वारों में हुआ भजन-कीर्तन और सत्संग

बिलासपुर। संत कबीरदास जी की 648वीं जयंती जिले भर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ मनाई गई। शहर के विभिन्न कबीर गुरुद्वारों में बुधवार को दिनभर भजन-कीर्तन, चौका आरती और सत्संग का आयोजन हुआ।
गुरुद्वारों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। झोपड़ा स्थित कबीर गुरुद्वारा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कबीरपंथ के अनुयायियों ने संत कबीर के दोहों का पाठ किया और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। भक्तों ने मानवता, प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और क्रीड़ा प्राधिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने संत कबीर की शिक्षाओं को आज के समाज के लिए प्रासंगिक बताते हुए कहा कि हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में भेदभाव और अन्याय के खिलाफ एकजुट होना चाहिए।
इस अवसर पर गुरुद्वारा समिति ने किचन सेट निर्माण की मांग रखी, जिसे विधायक कौशिक ने तुरंत स्वीकार कर आवश्यक राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में कहा कि संत कबीर के विचार आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं और समाज को जोड़ने का काम करते हैं। जयंती का यह आयोजन लोगों को आत्मिक शांति और सामाजिक जागरूकता का संदेश दे गया।





