तेज बारिश और बादल फटने से तबाही: हिमाचल में दो की मौत, राजस्थान में सड़कों पर नावें चलीं

दिल्ली।देशभर में मानसून का प्रकोप जारी है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात बादल फटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लापता हैं। 15 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। चंडीगढ़-मनाली और मंडी-जोगिंदरनगर फोरलेन बंद हो गए हैं। बादल फटने से कई वाहन मलबे में दब गए और मकानों में मलबा घुस गया।
राजस्थान में हालात और भी खराब हैं। चित्तौड़गढ़, झालावाड़, कोटा, पाली और सिरोही जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। टोंक-चित्तौड़गढ़ में बारिश से दो लोगों की मौत हुई है। भीलवाड़ा के बिजौलिया क्षेत्र में सड़कों पर नावें चल रही हैं। SDRF की टीमें बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। राज्य के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है और 11 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
बिहार के पटना में 4-5 फीट तक पानी भर गया है। मध्य प्रदेश के 34 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है और अब तक सीजन की 70% यानी 25.4 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने हिमाचल, एमपी, पश्चिम यूपी और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट और पूर्वी राजस्थान के 14 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम का यह कहर देश के कई हिस्सों में जन-जीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।





