DEO ऑफिस में आग को लेकर सियासी घमासान, भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में आग लगने की घटना अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुकी है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मामले में कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में हुए कथित भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने जानबूझकर DEO ऑफिस में आग लगाई हो सकती है।

पुरंदर मिश्रा ने कहा कि यह कोई सामान्य आगजनी की घटना नहीं लगती, बल्कि इसके पीछे सोची-समझी साजिश हो सकती है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कांग्रेसियों के आग लगाने के एंगल से भी जांच हो।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता खुद आग लगाकर अब भ्रष्टाचार का मुद्दा उठा रहे हैं, ताकि अपने कार्यकाल में हुए घोटालों से जुड़े अहम दस्तावेज नष्ट किए जा सकें।

इस बीच पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर द्वारा लिखे गए पत्र पर केंद्र सरकार ने जांच के निर्देश दिए हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि इससे कांग्रेस खेमे में बेचैनी साफ नजर आ रही है। उन्होंने ननकीराम कंवर को वरिष्ठ और ईमानदार नेता बताते हुए कहा कि वे लगातार भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं।

मिश्रा ने कांग्रेस शासनकाल में DMF घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि इसकी शिकायत पहले ही की जा चुकी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की सरकार है और हर घोटाले की जांच होगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button