MP में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड, अगले 3 दिनों में बारिश की संभावना..

भोपाल : अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से हवा का रुख पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी हो गया है। इस वजह से पूरे प्रदेश में रात के तापमान में वृद्धि होने लगी है। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिल गई है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम 5.2 डिग्री तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया।

बारिश की संभावना

मौसम विज्ञानियों के अनुसार फिलहाल न्यूनतम तापमान में विशेष गिरावट के आसार नहीं हैं। 27 दिसंबर को एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके असर से 28 दिसंबर से बादल छा सकते हैं। साथ ही प्रदेश में कई जिलों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। इस दौरान घना कोहरा भी छाने के आसार हैं।

मौसम प्रणाली

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पश्चिम उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में सक्रिय है।

पश्चिमी राजस्थान और उससे लगे पाकिस्तान पर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। रविवार को एक कमजोर तीव्रता का पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में आने वाला है।

27 दिसंबर से बदलेगा मौसम

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को अवदाब के क्षेत्र में भी परिवर्तित हो सकता है। इसके प्रभाव से अभी हवाओं का रुख उत्तरी होने की संभावना कम है। इस वजह से रात के तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रह सकता है।

उधर 27 दिसंबर को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में वर्षा होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में गिरावट होगी। साथ ही कहीं-कहीं घना कोहरा भी छा सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button