घने कोहरे और शीतलहर से ठिठुरा दिल्ली-एनसीआर, उड़ानें और रेल यातायात प्रभावित

दिल्ली और एनसीआर में आज अब तक का सबसे घना कोहरा दर्ज किया गया है। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम होने से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है और लोग हेडलाइट व इंडिकेटर जलाकर वाहन चलाने को मजबूर हैं। ठंड भी बढ़ गई है और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में पहुंचे नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी शुरू हो चुकी है, जिसका सीधा असर मैदानी क्षेत्रों पर पड़ रहा है। इससे तापमान में गिरावट आई है और शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। विभाग का अनुमान है कि 18 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिसके बाद 22 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कम दृश्यता के चलते कई उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित हुए हैं। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की गई है और फ्लाइट स्टेटस नियमित रूप से जांचने की सलाह दी गई है। अब तक कई उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि कुछ को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट किया गया है।

रेल यातायात भी कोहरे से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उत्तर भारत में कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। कम दृश्यता के कारण सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति धीमी रखी जा रही है, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का असर बना रह सकता है। हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने की संभावना जताई गई है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई