घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से उत्तर भारत बेहाल, सड़क-रेल-हवाई यातायात प्रभावित; मौसम विभाग का अलर्ट जारी

दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। सोमवार को दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भारी असर पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह से ही घना कोहरा छाने की संभावना थी, जो देर रात से ही दिल्ली-एनसीआर में देखने को मिला।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो गई, जिससे उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई। सुरक्षा कारणों से 128 उड़ानें रद कर दी गईं, जबकि 300 से अधिक उड़ानें आधे घंटे से लेकर चार घंटे तक देरी से संचालित हुईं। आठ उड़ानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ डायवर्ट किया गया।

रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित रहा। दिल्ली आने-जाने वाली 90 से अधिक ट्रेनें दो से 15 घंटे की देरी से चलीं। कोहरे के कारण उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी यातायात प्रभावित हुआ। ग्रेटर नोएडा के पास ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के कारण ट्रक और कैंटर की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे और शीतलहर से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी कोहरे का असर रहा। देहरादून और पंतनगर एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद या विलंबित रहीं, जबकि स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे ट्रेनें घंटों देरी से पहुंचीं। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के पार दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कोहरे और ठंड से सतर्क रहने की सलाह दी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई