सरकारी कर्मचारी की मौत पर मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाने की मांग, दुर्ग में ज्ञापन सौंपा गया

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के दुर्ग जिलाध्यक्ष भानुप्रताप यादव ने एक महत्वपूर्ण मांग को लेकर कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (शासकीय कर्मचारी कल्याण शाखा) रायपुर के नाम दिया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी सरकारी कर्मचारी की सेवा के दौरान मृत्यु होने पर उसके परिवार को जो अनुग्रह सहायता राशि मिलती है, उसकी अधिकतम सीमा अभी 50,000 रुपये है। यह राशि कर्मचारी के बैंड वेतन और ग्रेड वेतन के कुल छह महीने के वेतन के आधार पर दी जाती है।
भानुप्रताप यादव ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारी सातवां वेतनमान प्राप्त कर रहे हैं, ऐसे में अनुग्रह राशि की अधिकतम सीमा 50,000 रुपये काफी कम हो चुकी है। उन्होंने मांग की है कि इस राशि को बढ़ाकर कर्मचारियों के परिवारों को और अधिक राहत दी जाए।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने राज्य सरकार से इस नियम में संशोधन कर सहायता राशि की सीमा बढ़ाने की अपील की है, ताकि दुख की घड़ी में कर्मचारी के परिवार को सही मदद मिल सके।





