दिल्ली ब्लास्ट: डॉ. शाहीन के करीबियों की लोकेशन ट्रेस, UP ATS ने शुरू की छानबीन

दिल्ली के लाल किले के बाहर हुए कार ब्लास्ट की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादी नेटवर्क के पीछे छिपे ‘डॉक्टर गैंग’ की नई परतें मिल रही हैं। लखनऊ की डॉ. शाहीन, जो आतंकवादी संगठनों के लिए महिला ब्रिगेड बनाने की जिम्मेदार मानी जा रही हैं, जांच के केंद्र में हैं। एजेंसियां उनके और उनके करीबियों के रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। साथ ही, उनके धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़े कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
जांच में सामने आया कि डॉ. शाहीन, श्रीनगर पुलिस द्वारा पकड़े गए डॉ. मुजम्मिल के बेहद करीब थीं। पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि महिला ब्रिगेड बनाने की पूरी जिम्मेदारी उन्हें दी गई थी। धमाके की साजिश में विस्फोटक जुटाने, लॉजिस्टिक सपोर्ट और अन्य मोर्चों पर शाहीन की अहम भूमिका सामने आई है।
सुरक्षित मैसेजिंग एप्लीकेशन के जरिए शाहीन ने कई संदिग्धों से संपर्क बनाए रखा। जांच में उनके मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और लोकेशन रिकॉर्ड महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में मिले। कुछ संदिग्धों की लोकेशन उत्तराखंड में ट्रेस की गई है।
इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने इस जानकारी के आधार पर यूपी एटीएस को मामले की जांच सौंपा। यूपी एटीएस की टीम उत्तराखंड भेजी गई, जहां दबिश और पूछताछ जारी है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
शाहीन के लगातार संपर्क में रहने वाले संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का विवरण जुटाया जा रहा है। एजेंसियों का कहना है कि इस कार्रवाई से महिला ब्रिगेड नेटवर्क और उसके कनेक्शनों की पूरी तस्वीर सामने आएगी और आगे की सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
यह जांच दिल्ली ब्लास्ट की पूरी गुत्थी सुलझाने और संभावित आतंकवादी नेटवर्क को बेनकाब करने के प्रयासों का हिस्सा है।





