जमीन हड़पने के लिए जिंदा व्यक्ति को बताया मृत ,कोर्ट में फर्जी दस्तावेज पेश कर रचा गया षड्यंत्र, चार रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जीवित व्यक्ति को मृत बताकर उसकी जमीन हड़प ली गई। यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
नानी की जमीन का आधा हिस्सा मिला था
जांजगीर निवासी रामगोपाल गौरहा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी नानी अमोला बाई की ग्राम बसिया में 6.222 हेक्टेयर कृषि भूमि थी। वर्ष 1972 में नामांतरण के जरिए रामगोपाल को इस जमीन का आधा हिस्सा मिला था और 2014 तक उसका रिकॉर्ड उनके नाम पर था।
2015 में जमीन का रिकॉर्ड अचानक बंद
रामगोपाल ने बताया कि 2015 में अचानक जमीन से जुड़े दस्तावेज बंद हो गए। जब उन्होंने जांच करवाई, तो पता चला कि उनके रिश्तेदार रूपराम दुबे, बेनीराम दुबे, बिहारीलाल दुबे और निर्मला ने षड्यंत्र रचकर उन्हें कोर्ट में मृत और अविवाहित बता दिया। 14 जून 2012 को इन फर्जी तथ्यों के आधार पर कोर्ट से आदेश भी ले लिया गया।
रामगोपाल ने स्पष्ट किया कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके तीन संतानें भी हैं। सिरगिट्टी पुलिस ने उनकी शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है और अब पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।





