Attack on Sarpanch: सरपंच प्रतिनिधि पर जानलेवा हमला, 2 आरोपी रडार पर

Attack on Sarpanch: बिलासपुर। मल्हार में लोकतंत्र के प्रतिनिधि पर गुंडागर्दी का खुला नंगा नाच हुआ है। शनिवार रात गांव विद्याडीह की गलियों में उस वक्त सनसनी फैल गई जब वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि संतोष पाटले पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना उस वक्त हुई जब संतोष पाटले गांव के ही ईश कुमार पात्रे के साथ शिव किराना दुकान के पास बातचीत कर रहे थे, तभी गांव के दो दबंग, जगमोहन गेंदले और उमेश गेंदले, वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते पहले तो गालियों की बौछार शुरू की, फिर जान से मारने की धमकी देते हुए हैवानियत पर उतर आए।
उमेश ने मुक्कों से हमला किया तो जगमोहन ने ईंट से वार कर दिया, जिससे संतोष के माथे, पीठ और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। इस बर्बर हमले की खबर लगते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों हमलावरों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5), और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पीड़ित का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सत्ता और सियासत की रंजिश जब सड़कों पर उतरती है, तो कानून की चौखट तक खून पहुंचता है।





