छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 9वां दिन आज, जर्जर सड़कों और कृषि मुद्दों पर हंगामे के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 9वां दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान आज जर्जर सड़कों और कृषि से जुड़े मुद्दों को लेकर हंगामे के आसार हैं।
सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। इस दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब और ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।
दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
आज सदन में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। विधायक पुन्नू लाल मोहले प्रदेश में जर्जर सड़कों की स्थिति को लेकर ध्यानाकर्षण लगाएंगे। वहीं विधायक चातुरी नंद और लखेश्वर बघेल कृषि विकास और किसान कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे, जिस पर सदन में तीखी बहस होने की संभावना है।
याचिकाएं और अनुदान मांगों पर चर्चा
सदन में विधायक दिलीप लहरिया, सावित्री मंडावी, ललित चंद्राकर और इंद्रशाह मंडावी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे।
इसके अलावा मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। वहीं मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री टंक राम वर्मा के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार-विमर्श किया जाएगा।





