Cyclone Ditwah: तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट

दिल्ली। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात दितवाह अब भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार देर रात से ही इस चक्रवात का असर तटीय इलाकों में दिखने लगा है।
तमिलनाडु के कावेरी डेल्टा जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रामनाथपुरम और नागापट्टिनम जिले सबसे ज्यादा प्रभावित दिखाई दे रहे हैं। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। खेतों में खड़ी लाखों एकड़ फसलें बारिश और बाढ़ की चपेट में आने से भारी नुकसान हुआ है।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान चक्रवात दितवाह उत्तर दिशा में बढ़ते हुए उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर रहेगा।
इसके दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित रहने की संभावना है और यह तट से करीब 30 से 70 किलोमीटर की दूरी से गुजर सकता है। ऐसे में तेज हवाओं और बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
नागापट्टिनम में कई जगहों पर मंदिरों और घरों के बाहर पानी भर गया है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और मछुआरों को समुद्र में न जाने के निर्देश दिए गए हैं। पुड्डुचेरी में भी हवाओं की गति बढ़ गई है और प्रशासन ने राहत दलों को तैयार रखा है।
एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं, स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, जबकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है।
सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका जताई है।





