गोवंश अवशेष मामला: मुरादाबाद में फरार महिला नाजिया गिरफ्तार, कुल 23 आरोपी जेल भेजे गए

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में गोवंश अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रही महिला आरोपी नाजिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में अब तक कुल 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
यह मामला मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मुंडिया मलूकपुर गांव से जुड़ा है, जहां कुछ दिन पहले निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास गोवंश के टुकड़ों में अवशेष मिलने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इस मामले में सिरसखेड़ा निवासी नाजिया फरार चल रही थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी और आखिरकार शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी मामले में अहम कड़ी है और जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
पुलिस का यह भी कहना है कि पूरे प्रकरण पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।





