कोरबा में शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू, शिक्षकों को पसंद के स्कूल में मिली नियुक्ति

कोरबा।राज्य शासन के निर्देशों पर कोरबा जिले में अतिशेष प्रधान पाठकों और सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। कलेक्टर अजीत वसंत की मौजूदगी में यह काउंसिलिंग आज टांसपोर्ट नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में हो रही है।
काउंसिलिंग के पहले चरण में वरिष्ठता के आधार पर अतिशेष प्रधान पाठकों को उनके पसंद के विद्यालय चुनने का मौका दिया गया। इसके बाद सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग की जा रही है, जिसमें वे खाली पदों में से अपनी पसंद का स्कूल चुन रहे हैं।
कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस काउंसिलिंग से ऐसे स्कूलों को शिक्षक मिलेंगे, जहां अभी शिक्षक नहीं हैं या केवल एक ही शिक्षक कार्यरत है। इससे बच्चों को बेहतर और नियमित शिक्षा मिल सकेगी।
काउंसिलिंग में भाग लेने वाले शिक्षकों को तुरंत ही उनके चयनित स्कूल में नई नियुक्ति का आदेश भी दिया जा रहा है।
शिक्षिका देकुमारी साहू ने जताई खुशी
प्राथमिक शाला जेन्जरा की शिक्षिका देकुमारी साहू ने काउंसिलिंग प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने बताया कि उन्हें खुशी है कि अब वे अपनी पसंद के स्कूल ढेलवाडीह में पढ़ाने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया बहुत सरल और संतोषजनक रही।
कुल मिलाकर इस काउंसिलिंग से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों को लाभ मिलेगा और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल पाएगी।





