युक्तियुक्तकरण की काउंसिलिंग शुरू, शिक्षको को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश; 2 जून तक चलेगी प्रक्रिया

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों और कर्मचारियों के युक्तियुक्तकरण (Rationalisation) को लेकर जहां एक ओर प्रदेशभर में विरोध तेज हो रहा है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग ने इस प्रक्रिया को गति देना शुरू कर दिया है।
गरियाबंद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने काउंसिलिंग के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है, जिसके अनुसार यह प्रक्रिया 27 मई से 2 जून 2025 तक चलेगी। जारी आदेश के अनुसार, ओपन काउंसिलिंग स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय गरियाबंद में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह काउंसिलिंग जिला स्तरीय परीक्षण समिति की देखरेख में संपन्न होगी।
ये लोग होंगे शामिल काउंसलिंग में
इस प्रक्रिया में उन शिक्षकों और कर्मचारियों को शामिल होना है, जो अतिशेष की श्रेणी में आते हैं। उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में उपलब्ध अनुमोदित सूची के माध्यम से रिक्त पदों का अवलोकन करना होगा। सूची विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदित की गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
सख्त निर्देश: अनुपस्थिति नहीं चलेगी
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई शिक्षक या कर्मचारी काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहता है, तो उनकी अनुपस्थिति में ही प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। ऐसे में उनकी पदस्थापना स्वचालित रूप से तय मानी जाएगी, जिससे बाद में कोई दावा या आपत्ति नहीं मानी जाएगी।
मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश
सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे मुख्यालय न छोड़ें और अपने संबंधित BEO कार्यालय के निरंतर संपर्क में रहें, ताकि किसी भी प्रकार की जानकारी या निर्देश समय पर प्राप्त किया जा सके। गौरतलब है कि युक्तियुक्तकरण के खिलाफ प्रदेशभर में शिक्षक संगठनों का विरोध जारी है। 23 शिक्षक संगठन 28 मई को मंत्रालय घेराव करने जा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी।





