6 महीने बाद खत्म हुआ इंतजार: 17 नवंबर से शुरू होगी पदोन्नत प्राचार्यों की काउंसिलिंग

रायपुर। आखिरकार छत्तीसगढ़ के ई संवर्ग के पदोन्नत प्राचार्यों का लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म होने जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 17 नवंबर से काउंसिलिंग शुरू करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, करीब 1 हजार पदोन्नत प्राचार्यों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया है। यह काउंसिलिंग राजधानी रायपुर के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर में आयोजित की जाएगी। प्रक्रिया 17 नवंबर से 21 नवंबर तक चलेगी।
हर दिन 250 प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी। पहले दिन यानी 17 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक क्रमांक 1 से 125 तक और दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक क्रमांक 126 से 250 तक के प्राचार्यों की काउंसिलिंग होगी।
दरअसल, स्कूल शिक्षा विभाग ने 30 अप्रैल को व्याख्याता, व्याख्याता एलबी और प्रधान पाठक (माध्यमिक ई संवर्ग) को प्राचार्य पद पर पदोन्नत करने का आदेश जारी किया था। लेकिन पोस्टिंग से पहले ही इस पर हाईकोर्ट में याचिका लग गई थी। हाल ही में कोर्ट ने शासन के पक्ष में फैसला सुनाया, जिससे रास्ता साफ हो गया।
अब विभाग ने पोस्टिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे पदोन्नत प्राचार्यों को बड़ी राहत मिली है।





