गुजरात-महाराष्ट्र में कोरोना का कहर, देश में एक्टिव मरीज 1828; अब तक 15 मौतें

दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण फिर से रफ्तार पकड़ रहा है। शुक्रवार तक एक्टिव मामलों की संख्या 1828 हो गई है, जबकि 15 मरीजों की मौत हो चुकी है। सबसे अधिक 6 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं, जिसके चलते राज्य सरकार सतर्क हो गई है।
गुजरात में गुरुवार को 6 नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक 8 महीने की बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। यह मामला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।
केरल में एक्टिव केस 727, नए वैरिएंट LF7 की पुष्टि
केरल में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि राज्य में ओमिक्रॉन JN वैरिएंट LF7 के संक्रमण के मामले मिल रहे हैं और 727 एक्टिव केस दर्ज हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में ILI और SARI सर्वे जारी
महाराष्ट्र सरकार कोरोना की निगरानी के लिए ILI (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस) और SARI (सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन्फेक्शन) सर्वे करा रही है। इसका उद्देश्य संभावित गंभीर मामलों की पहचान कर समय रहते नियंत्रण पाना है।
IIT डायरेक्टर बोले- घबराने की जरूरत नहीं
IIT कानपुर के डायरेक्टर प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि नए वैरिएंट्स से मामले जरूर बढ़े हैं, लेकिन गंभीर हालात नहीं बने। उनका मानना है कि इस बार भी सामान्य स्तर पर संक्रमण रहेगा।
BHU के प्रोफेसर ज्ञानेश्वर चौबे ने कहा कि भले ही वैक्सीनेशन हुआ हो, पर नया वैरिएंट वैक्सीन से पूरी तरह नहीं रुकता। उन्होंने चेताया कि कोविड की चौथी लहर संभव है, लेकिन इसका असर सीमित और 21 से 28 दिन तक ही रहेगा।





