भुगतान नहीं मिलने पर ठेकेदार ने दी आत्मदाह की चेतावनी, कमीशन मांगने का लगाया आरोप

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जल जीवन मिशन के तहत कार्य करने वाले एक ठेकेदार ने भुगतान न मिलने से परेशान होकर आत्मदाह की चेतावनी दी है। ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों पर कमीशन मांगने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ठेकेदार रजनीकांत अग्रवाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया कि उन्होंने अंबिकापुर सब डिविजन में जल जीवन मिशन के तहत निर्माण कार्य एक साल पहले पूरा कर लिया था, लेकिन अब तक पूरा भुगतान नहीं किया गया है।
ठेकेदार का आरोप है कि करीब 65 लाख रुपए के कार्य के बदले अब तक सिर्फ 22 लाख रुपए का ही भुगतान हुआ है। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारी कमीशन की मांग कर रहे हैं और भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं। कमीशन नहीं देने पर बिल पास नहीं करने की बात कही जा रही है।
ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो वह 30 मार्च को पीएचई कार्यालय के सामने आत्मदाह करेगा।
बताया गया कि लखनपुर विकासखंड के जुड़वानी क्षेत्र में पानी टंकी निर्माण और पाइपलाइन विस्तार का काम पूरा हो चुका है। पिछले छह महीनों से पानी की सप्लाई भी शुरू है, इसके बावजूद भुगतान लंबित है।
मामले में कलेक्टर अजीत वसंत ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।





