धमतरी में नए बस स्टैण्ड का निर्माण जल्द, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

धमतरी शहर के अर्जुनी में नए बस स्टैण्ड का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके लिए बुधवार को कलेक्टर अभिनाश मिश्रा और महापौर रामू रोहरा ने स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा नया बस स्टैण्ड

अर्जुनी गांव में बनने वाला नया बस स्टैण्ड आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। कलेक्टर मिश्रा ने निर्देश दिए कि बस स्टैण्ड में 40 फीट चौड़ी सड़कें बनाई जाएं और सामने आकर्षक गार्डन, रैन बसेरा, वाहनों के लिए पार्किंग, वाहन चालकों के लिए कक्ष, बिजली, शौचालय जैसी सभी सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने बस स्टैण्ड पहुंच मार्ग को जल्द तैयार करने और बायपास तक के रास्ते का प्रस्ताव डिवाइडर सहित प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बिजली के खंभों को भी हटाने की बात कही।

इंडोर स्टेडियम और लाइब्रेरी पर भी ध्यान

कलेक्टर ने इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को 8 लेयर सिंथेटिक कोर्ट, फुटबॉल और हॉकी मैदान विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, इंडोर खेलों जैसे टेबल टेनिस, बैडमिंटन और जिम के लिए वुडन कोर्ट का निर्माण करने की बात कही। उन्होंने खेलो इंडिया योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर 15 अप्रैल तक जमा करने के निर्देश भी दिए।

वहीं, नालंदा लाइब्रेरी को भी हाईटेक बनाने की योजना है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में बड़े शहरों की तरह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लाइब्रेरी के लिए डीपीआर तैयार करने और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही, लाइब्रेरी के सामने फूड पार्क बनाने का सुझाव दिया।

मुख्यमार्ग सड़कों का होगा चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने के निर्देश

कलेक्टर ने जिले के मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सिहावा चौक से कोलियारी, रत्नाबांध चौक से मुजगहन और अंबेडकर चौक से रुद्री तक बनने वाली सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सर्वे रिपोर्ट और डीपीआर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, जहां अतिक्रमण है, वहां से उसे हटाने के लिए भी कहा।

कलेक्टर ने रमसगरी तालाब का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को गार्डन में एमपी थियेटर बनाने के निर्देश दिए। इस तरह जिले में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने की योजना पर काम हो रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई