अफीम की खेती का मामला विधानसभा में उठाएगी कांग्रेस, स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी

दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा से जुड़े एक नेता के खेत में अफीम की खेती का खुलासा होने के बाद यह मामला अब विधानसभा तक पहुंचने वाला है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाने की रणनीति बनाई है।

विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही 9 मार्च से फिर शुरू हो रही है। विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायक इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव यानी स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहे हैं।

पार्टी का कहना है कि प्रदेश में सूखा नशा के कारोबार को लेकर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में भाजपा से जुड़े नेता के खेत में अफीम की खेती सामने आने से सरकार के दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस का यह भी कहना है कि धान खरीदी, राशन व्यवस्था, आंगनबाड़ी और कुपोषण जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान खाद्यमंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े मामलों पर सवाल उठाने की तैयारी है।

अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समोदा गांव पहुंचे थे। उन्होंने गांव में जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और खेत का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली।

सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी होगी, जिसमें इस मुद्दे को लेकर अंतिम रणनीति तय की जाएगी। विधायकों को इस विषय पर पूरी तैयारी के साथ सदन में आने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान भी इस मामले को उठाया जा सकता है। कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण को लेकर विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की है, जिसे प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी की जा रही है।

उधर मामले के सामने आने के बाद भाजपा ने आरोपी नेता विनायक ताम्रकार को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने ताम्रकार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई