ED एक्शन पर कांग्रेस की रणनीति बैठक, भूपेश बघेल के समर्थन में उतरे वरिष्ठ नेता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल गरमाता जा रहा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने शुक्रवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में आपात बैठक बुलाई। बैठक में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, सभी पूर्व मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। दोपहर 12 बजे से शुरू हुई इस बैठक के बाद कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी रणनीति सार्वजनिक करेगी।

इस बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में भूपेश बघेल के समर्थन में बयान जारी किया। उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के जंगलों को अडानी समूह को सौंप दिया है और पेसा कानून तथा एनजीटी के नियमों की अवहेलना कर रही है।

प्रियंका ने कहा कि भूपेश बघेल विधानसभा में यह मुद्दा उठाने वाले थे, इसी कारण उनके घर पर ईडी की छापेमारी कर उनके बेटे को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जनता की आवाज को दबाने और विपक्ष को डराने की साजिश है। प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता भूपेश बघेल के साथ मजबूती से खड़ा है और ऐसे हथकंडों से विपक्ष डरने वाला नहीं है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button