स्कूलों में राष्ट्रगान के साथ मंत्र उच्चारण और महापुरुषों पर व्याख्यान, कांग्रेस ने उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र से स्कूलों में कई बदलाव लागू करने की तैयारी है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि रोजाना राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ 2-3 मंत्रों का उच्चारण कराया जाएगा और हर दिन एक महापुरुष के जीवन पर 5 मिनट का व्याख्यान भी होगा। शनिवार को स्थानीय खेल, तीज-त्योहार, योगा, गार्डनिंग और हाउसकीपिंग जैसी गतिविधियां भी शामिल की जाएंगी।
मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि एआई के दौर में शिक्षण पद्धति में बदलाव के लिए प्राचार्यों की कार्यशाला आयोजित की गई है, जिसमें गूगल के विशेषज्ञ शिक्षकों को नई तकनीकों की जानकारी दे रहे हैं, ताकि शिक्षा को आधुनिक बनाया जा सके।
वहीं इस फैसले पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में अभी तक किताबें, शिक्षक और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, RTE में एडमिशन भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सरकार स्कूलों को शिशु मंदिर बनाना चाहती है और कहा कि पहले बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया जाए।





