बिजली कटौती पर कांग्रेस का हल्ला बोल, विभाग को दिया अल्टीमेटम

बिलासपुर जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती को लेकर लोगों की परेशानियाँ बढ़ती जा रही हैं। शहर से लेकर गांव तक लोग घंटों बिजली गुल रहने से बेहाल हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस की बैठक में बिजली की समस्या पर चर्चा हुई, जिसके बाद जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तिफरा स्थित बिजली विभाग के रीजनल ऑफिस पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के सप्लायर्स घटिया सामग्री की सप्लाई कर रहे हैं, जिससे बार-बार फाल्ट और वोल्टेज की दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय अधिकारी जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं देते, न तो फोन उठाया जाता है और न ही समाधान किया जाता है।
कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने इस संबंध में बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस प्रदर्शन के बाद ईडी ए.के. अंबष्ट ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान का आश्वासन दिया है। साथ ही, कॉल सेंटर की सीटें बढ़ाने और अधिकारियों को जल्दी रिस्पॉन्स देने के निर्देश देने की बात कही गई है।
कांग्रेसियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ एक बिजली उत्पादक राज्य है, इसके बावजूद यहां की जनता को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।





