बेलतरा में कांग्रेस का हल्लाबोल: सचिन पायलट बोले–“वोट चोरी लोकतंत्र के लिए खतरा”

बिलासपुर/बेलतरा। छत्तीसगढ़ की सियासत इन दिनों गरमा गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने बिलासपुर और बेलतरा में वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां और फर्जी वोटिंग लोकतंत्र के लिए खतरा हैं।
बुधवार को बेलतरा में कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम हुआ। यहां “वोट चोर–गद्दी छोड़ यात्रा” और “हस्ताक्षर अभियान” की शुरुआत की गई। इस दौरान सचिन पायलट ने मंच से कहा कि सत्ता में बैठे लोग चुनाव जीतने के लिए गलत तरीके अपना रहे हैं, लेकिन कांग्रेस जनता के अधिकारों की रक्षा करेगी।
कांग्रेस ने दावा किया है कि उनके पास वोट चोरी और फर्जी वोटिंग के सबूत मौजूद हैं। पायलट ने लोगों से अपील की कि वे खुद अपने वोटर कार्ड और वोटर लिस्ट की जांच करें और किसी भी गड़बड़ी की शिकायत करें।
यह कांग्रेस का पिछले एक हफ्ते में दूसरा बड़ा कार्यक्रम है। इससे पहले 9 सितंबर को बिलासपुर से “वोट चोर–गद्दी छोड़ अभियान” की शुरुआत हुई थी। अब इस अभियान को तेज करते हुए प्रदेशभर में यात्रा निकाली जा रही है। रायगढ़ से शुरू हुई यह यात्रा कोरबा होते हुए बुधवार को बेलतरा पहुंची, जहां हजारों की भीड़ जुटी।
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस किसी भी हाल में जनता के वोट के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी। उनका यह दौरा आने वाले चुनावों में राजनीतिक माहौल को गर्मा सकता है।





