SIR पर कांग्रेस का मंथन, उपमुख्यमंत्री साव का पलटवार: कहा, बिहार में हल्ला मचाया पर जनता ने दे दिया जवाब”

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर राजनीति तेज हो गई है। इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 24 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे और पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर SIR पर मंथन करेंगे।
इसको लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस ने SIR को लेकर बड़ा हंगामा किया था और वोट चोरी के आरोप लगाए थे, लेकिन जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। अब छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, यह वर्षों से चलती आ रही है, लेकिन कांग्रेस अपना जनाधार खोने के बाद अब जनता को भ्रमित कर रही है।
भारत–दक्षिण अफ्रीका मैच को लेकर उपमुख्यमंत्री ने जताया उत्साह
रायपुर में 3 दिसंबर को होने वाले भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका के दूसरे वनडे मैच को लेकर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राजधानी में इंटरनेशनल मैच होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह मैच प्रदेश के लिए यादगार साबित होगा और इसमें बड़ी संख्या में दर्शक पहुँचेंगे।
ACB–EOW की रेड पर बयान – ‘एजेंसी अपना काम कर रही है’
प्रदेश में आबकारी और DMF घोटाले से जुड़े लगभग 18 ठिकानों पर ACB–EOW की रेड को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों मामलों में पहले से जांच चल रही थी। जांच के आधार पर यह कार्रवाई की गई है और एजेंसी अपना काम स्वतंत्र रूप से कर रही है।
डीजी कॉन्फ्रेंस को बताया ऐतिहासिक
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष DG कॉन्फ्रेंस के लिए छत्तीसगढ़ को चुना है। देशभर के वरिष्ठ अधिकारी एक मंच पर इकट्ठा होंगे और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बताया।





