खरसिया ROB निर्माण का श्रेय लेने कांग्रेस-बीजेपी में होड़

रायगढ़/खरसिया। खरसिया में रेलवे अंडरब्रिज (ROB) निर्माण को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। परियोजना का तकनीकी सर्वे होना है, लेकिन इससे पहले ही श्रेय लेने की राजनीति तेज हो गई है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने खरसिया मंच से कहा कि आजादी के बाद से यहां कांग्रेस का नेतृत्व रहा, लेकिन 75 साल में भी कांग्रेस ROB नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि पांच साल तक कांग्रेस की सरकार रही, मगर तब भी काम शुरू नहीं हुआ। चौधरी ने विपक्ष के दावों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी थीं तो कांग्रेस यह बताए कि पांच साल में ईंट भी क्यों नहीं लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नगर पालिका चुनाव में ROB निर्माण का वादा किया था और जनता ने उन्हें जिताया। अब भाजपा सरकार बनते ही काम शुरू होने जा रहा है।
कांग्रेस का जवाब
कांग्रेस नेताओं सुखदेव डनसेना, नेत्रानंद पटेल और अभय मोहंती ने संयुक्त बयान जारी कर चौधरी के दावों को असत्य बताया। उनका कहना है कि ROB परियोजना कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत हुई थी। उमेश पटेल के मंत्री रहते ही भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण, डिजाइनिंग, टेंडर और प्रशासनिक स्वीकृति की सभी प्रक्रियाएं पूरी हो गई थीं।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब सारी तैयारी उनकी सरकार में हो चुकी थी, तो भाजपा किस आधार पर श्रेय ले रही है। ओपी चौधरी ने कहा कि आने वाले दिनों में ROB निर्माण तेजी से शुरू होगा। उन्होंने साफ किया कि भाजपा राजनीति के लिए विकास नहीं करती, बल्कि विकास की राजनीति करती है। वहीं कांग्रेस इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश बता रही है।





