RSS के कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम का समापन, 382 स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण

बिलासपुर।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के मध्य क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम (सामान्य) का समापन कार्यक्रम सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य श्रेष्ठ भारत, दिग्विजयी भारत, समरस भारत और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में स्वयंसेवकों को तैयार करना था।
कार्यक्रम में वर्ग कार्यवाह श्री विक्रम सिंह ने उपस्थित अधिकारियों का परिचय करवाया और पूरे वर्ग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 मई से शुरू हुए इस प्रशिक्षण वर्ग में 308 स्थानों से कुल 382 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इनमें किसान, छात्र, व्यवसायी, कर्मचारी, वकील, इंजीनियर, डॉक्टर और प्रोफेसर जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल थे।
समापन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोकनाचा राष्ट्रीय रासधारी (रहस) के डॉ. उग्रसेन कन्नौजे मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उनके जीवन का एक ऐतिहासिक अनुभव रहा।
इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल 58 शिक्षक और 13 पालक कार्यकर्ता लगातार पूर्ण समय तक उपस्थित रहे। वर्ग का समय सुबह 4:15 बजे जागरण से लेकर रात 10:15 बजे तक था। इस दौरान स्वयंसेवकों को शारीरिक अभ्यास, बौद्धिक सत्र, श्रम साधना, सेवा कार्य, संपर्क और प्रचार विभाग के कामों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह कार्यकर्ता विकास वर्ग संगठन के सदस्यों को संघ की विचारधारा और कार्यशैली समझाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह वर्ग संघ के अलग-अलग जिलों और प्रांतों में आयोजित होता है ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ता प्रशिक्षित होकर समाज सेवा में सक्रिय हो सकें।





