26 और 30 जनवरी को रायपुर में मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध

रायपुर।रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर शहर में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी 2026) और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी 2026) को मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में नगर निगम रायपुर के स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार इन दोनों पावन अवसरों पर नगर निगम क्षेत्र में स्थित सभी पशु वध गृह और मांस-मटन की दुकानें बंद रहेंगी।
नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और जोन स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करेंगे। यदि किसी होटल या दुकान में इन दिनों मांस-मटन का विक्रय करते हुए पाया गया, तो सामग्री की जब्ती के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों से आदेश का पालन करने और नागरिकों से सहयोग की अपील की है।





