बिलासपुर:डिप्टी सीएम को सौंपा गया शिकायत पत्र, कंप्यूटर ऑपरेटर पर कार्रवाई की मांग तेज

बिलासपुर।लोक निर्माण विभाग, बिलासपुर में कार्यरत अस्थायी कंप्यूटर ऑपरेटर अंशुमान पांडे पर लगातार दुर्व्यवहार के आरोप लग रहे हैं। विभाग की महिला कर्मचारियों और नियमित स्टाफ का कहना है कि पांडे का व्यवहार अपमानजनक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाला है।
इस मामले को लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ कर्मचारियों ने प्रदेश अध्यक्ष जी.आर. चंद्रा के नेतृत्व में डिप्टी सीएम और विभागीय मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। बिलासपुर स्थित उनके शासकीय निवास पहुंचकर कर्मचारियों ने शिकायत पत्र सौंपा। इस दौरान संघ के जिला अध्यक्ष किशोर शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी इसकी लिखित शिकायत अधीक्षण अभियंता, संभागीय आयुक्त और मुख्य अभियंता रायपुर को दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
संघ ने विभाग की चुप्पी पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो कर्मचारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।





