कोलंबिया ने पाकिस्तान पर दिया बयान वापस, अब भारत का समर्थन करेगा: शशि थरूर
शशि थरूर के नेतृत्व में डेलिगेशन को मिली कूटनीतिक सफलता

दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में दक्षिण अमेरिकी दौरे पर गए ऑल पार्टी डेलिगेशन को बड़ी सफलता मिली है। थरूर ने शनिवार को कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में बताया कि कोलंबिया सरकार ने पाकिस्तान के पक्ष में जारी किया गया बयान वापस ले लिया है। अब कोलंबिया आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख का समर्थन करेगा। थरूर ने बताया कि डेलिगेशन ने कोलंबिया की उप विदेश मंत्री रोसा योलांडा विलाविसेन्सियो से मुलाकात की। भारत की ओर से कश्मीर और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट की गई। इसके बाद कोलंबिया सरकार ने बयान वापस लिया और भारत का समर्थन करने का निर्णय लिया।
ऑपरेशन सिंदूर पर भारत की सफाई
कोलंबिया ने पहले ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानियों की मौत पर दुख जताया था। थरूर ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि भारत ने आत्मरक्षा में हमला किया, और इसमें आक्रमण और रक्षा में फर्क होता है।
सलमान खुर्शीद का बयान: भारत कहीं बड़ा और संयमित देश
पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने जकार्ता में कहा कि भारत पाकिस्तान से बड़ा और ताकतवर देश है। भारत किसी की जमीन पर कब्जा नहीं करना चाहता बल्कि सिर्फ अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसका संयम और विश्वसनीयता है।
पाकिस्तान ने मांगा था सीजफायर: खुर्शीद
खुर्शीद ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान की कॉल पर हमला रोका था। उन्होंने कहा कि सीजफायर की पहल पाकिस्तान ने की थी, भारत ने नहीं। केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष मजबूत करने के लिए सात ऑल पार्टी डेलिगेशन दुनिया के विभिन्न देशों में भेजे हैं। शशि थरूर का दल पनामा और गुयाना के बाद कोलंबिया पहुंचा और अब ब्राजील और अमेरिका की यात्रा पर है।





