कलेक्टर ने ली टीएल बैठक, योजनाओं की प्रगति और कामों की समीक्षा की

बिलासपुर:जिले के कलेक्टर ने मंगलवार को समय-सीमा (टीएल) बैठक लेकर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूलों की नियमित निगरानी करें और जो शिक्षक अनुपस्थित हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
कलेक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी उद्योग गोठानों और खनन क्षेत्रों में पौधारोपण करें। उन्होंने जल संरक्षण के लिए सोखता गड्ढा, पर्कोलेशन टैंक और बोरी बंधान जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी शिविरों में 100% कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, 21 जून को योग दिवस का सफल आयोजन करने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत, एडीएम, सभी एसडीएम और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने हाई कोर्ट के मामलों का समय पर जवाब देने, मुख्यमंत्री जनदर्शन और पीएमओ पोर्टल की शिकायतों का जल्द निराकरण करने और अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी तुरंत भेजने के निर्देश भी दिए।





