तूफान फेंगल के बाद सर्दी बढ़ी, मप्र में अगले कुछ दिनों में कड़ाके ठंड..

भोपाल : तूफान फेंगल अब बेअसर हो चुका है। हवाओं का रुख भी उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो गया है। सर्द हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में एक बार फिर सिहरन बढ़ने लगी है। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश में सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया।

सात शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उसके बाद तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। तूफान फेंगल कमजोर पड़कर बेअसर हो गया है। एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर द्रोणिका के रूप में सक्रिय हो गया है।

उत्तर भारत के पहाड़ों पर वर्षा एवं बर्फबारी का असर

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के अलावा हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी हो गया है। उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ने से तापमान में कुछ गिरावट होने लगी है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर वर्षा एवं बर्फबारी होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने पर प्रदेश में कई शहरों का तापमान फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है। हालांकि शीतलहर की स्थिति 15 दिसंबर के बाद ही बनने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button