कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर: रेलवे ने 247 ट्रेनें लंबे समय के लिए की रद्द

रायपुर। इस साल नवंबर की शुरुआत से ही ठंड ने तेज दस्तक दे दी है। रात में ओस गिर रही है और उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर और कोहरा जल्दी शुरू हो गया है, जबकि आमतौर पर यह स्थिति दिसंबर में बनती है। बढ़ते कोहरे के कारण रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है।
रेलवे ने 7 जोन की कुल 247 ट्रेनों को अलग-अलग अवधि के लिए रद्द कर दिया है। इनमें कुछ ट्रेनें 50 दिन, कुछ 60 दिन और कुछ को 90 दिन तक बंद रखा जाएगा। औसतन हर ट्रेन करीब 60 दिन तक रद्द रहेगी। ऐसे में अगले 3 महीनों में कुल 14,820 फेरे रद्द होंगे।
सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत के यात्रियों पर पड़ेगा। इन ट्रेनों में बिहार, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की कई प्रमुख सेवाएँ शामिल हैं। रेलवे ने इन ट्रेनों के अल्टरनेट दिनों में रिजर्वेशन ब्लॉक भी कर दिए हैं, जिससे लगभग 2 करोड़ से ज्यादा लोग यात्रा से वंचित हो जाएंगे।
किस जोन में कितनी ट्रेनें रद्द?
नॉर्दर्न रेलवे – 89 ट्रेनें
नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे – 80 ट्रेनें
नॉर्थ सेंट्रल रेलवे – 14 ट्रेनें
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे – 12 ट्रेनें
नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे – 30 ट्रेनें
ईस्ट रेलवे – 15 ट्रेनें
साउथ ईस्ट रेलवे – 7 ट्रेनें
रेलवे का कहना है कि कोहरे के बढ़ने से दृश्यता कम होती है, जिससे ट्रेनों का समय बिगड़ता है और सुरक्षा जोखिम भी बढ़ता है। इसलिए यह कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है।





