दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की चिराग पासवान से मुलाकात:छत्तीसगढ़ में NIFTEM खोलने, वर्ल्ड फूड इंडिया समिट रायपुर में कराने का आग्रह

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री चिराग पासवान से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों पर सकारात्मक और उपयोगी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (NIFTEM) की स्थापना छत्तीसगढ़ में की जाए। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के युवाओं को आधुनिक खाद्य तकनीक, उद्यमिता और रोजगार से जुड़े उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ कृषि के क्षेत्र में एक मजबूत राज्य है और ऐसे संस्थान से किसानों और खाद्य उद्योगों को भी सीधा फायदा मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने वर्ल्ड फूड इंडिया के रीजनल समिट का आयोजन रायपुर में कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रायपुर की समृद्ध खाद्य संस्कृति, अच्छी कनेक्टिविटी और विविधता इसे ऐसे बड़े आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान बनाती है। उन्होंने सुझाव दिया कि यह समिट हर दो साल में दिल्ली के वर्ल्ड फूड इंडिया या गुवाहाटी के नॉर्थ ईस्ट फूड फेस्ट की तर्ज पर आयोजित की जाए।
मुख्यमंत्री ने राज्य में फूड टेस्टिंग लैब और फूड इर्रेडिएशन यूनिट स्थापित करने के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इससे खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी और उद्योगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक नीति में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी के तहत Drools कंपनी छत्तीसगढ़ में ₹1,000 करोड़ का निवेश कर रही है, जिससे करीब 3,000 लोगों को रोजगार मिलेगा और इसका लाभ ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंचेगा।
सीएम साय ने यह भी कहा कि राज्य का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को राइस ब्रान ऑयल हब के रूप में विकसित करना है, जिससे तेल आयात पर निर्भरता कम होगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के जरिए आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ और विकसित भारत 2047 का सपना साकार होगा।





