अवैध अफीम खेती पर सख्त हुए सीएम विष्णुदेव साय, 15 दिन में सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर अवैध मादक पदार्थों की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शासन और प्रशासन के सभी अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आयुक्त, भू-अभिलेख छत्तीसगढ़ ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि अपने-अपने जिलों के संवेदनशील और संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराया जाए। कलेक्टरों को 15 दिनों के भीतर सर्वे पूरा कर हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र के साथ विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट उल्लेख करना होगा कि जिले में कहीं भी अवैध अफीम की खेती हो रही है या नहीं।

दुर्ग और बलरामपुर में हुई कार्रवाई

प्रदेश में हाल ही में कुछ स्थानों पर अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आए हैं, जिन पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। दुर्ग जिले के समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अफीम के पौधों को जब्त कर नष्ट किया गया और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। साथ ही अवैध कब्जा जेसीबी मशीन से हटाया गया।

इसी तरह बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्रीपानी (खजुरी) में राजस्व, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 1.47 एकड़ जमीन पर हो रही अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया। इस दौरान करीब 18 क्विंटल 83 किलोग्राम अफीम के पौधे, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई गई है, जब्त किए गए। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 18 के तहत केस दर्ज किया गया है।

राज्य सरकार ने साफ किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण, परिवहन या कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई