सीएम विष्णु देव साय शामिल हुए रायपुर की विशाल कांवड़ यात्रा में, की प्रदेश की खुशहाली की कामना

रायपुर। सावन मास के पवित्र मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में निकाली गई विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ की तरक्की, सुख-शांति और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मारूति मंगलम भवन, गुढ़ियारी से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों श्रद्धालु कांवड़ लेकर जलाभिषेक के लिए निकले हैं। यह यात्रा न सिर्फ शिवभक्तों की आस्था का प्रतीक है, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को भी जीवित रखती है।

उन्होंने कहा कि सावन में कांवड़ यात्रा शिवभक्ति, समर्पण और अनुशासन का प्रतीक होती है, जिसमें भक्त कई किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं।

सीएम साय ने बताया कि रायपुर के महादेव घाट पर स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बहुत खास है। यहां हर साल हजारों भक्त जल चढ़ाने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती परंपरा, भक्ति और संस्कृति का सुंदर संगम है। कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन न केवल परंपराओं को संजोते हैं, बल्कि समाज में एकता और आध्यात्मिक जागरूकता भी फैलाते हैं।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक और सामाजिक संगठनों के लोग मौजूद रहे।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button