सीएम साय की पीएम और केंद्रीय मंत्री से मुलाकात, बस्तर और छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी सौगातें

रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की। इस दौरान राज्य को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रस्तावों पर सहमति बनी।
सीएम साय ने बताया कि अब बस्तर संभाग में डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए 400 नए मोबाइल टावर लगाए जाएंगे। इससे बस्तर के दूरस्थ इलाकों तक मोबाइल और इंटरनेट सेवा पहुंचेगी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “डबल इंजन सरकार के सुशासन संकल्प के साथ बस्तर अब तकनीक की रोशनी से चमकेगा और एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ओर बढ़ेगा।”
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय मंत्री मांडविया से मुलाकात के दौरान बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का दर्जा देने पर सहमति बन गई है। उन्होंने कहा, “यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।”
इसके अलावा राज्य में स्वास्थ्य और खेल के क्षेत्र में भी बड़ी घोषणाएं हुई हैं:
रायपुर और बिलासपुर में 220-बेड के मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
LNIPE (लक्ष्मीनारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन) का रीजनल सेंटर खोला जाएगा।
नए आधुनिक स्टेडियम के निर्माण पर भी चर्चा हुई है।
सीएम साय ने इन सभी योजनाओं के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और विकास का समय है।





