राजिम कुंभ कल्प 2026: पर्यटन मंत्री ने CM विष्णुदेव साय को दिया आमंत्रण

रायपुर।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें राजिम कुंभ कल्प 2026 में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास में हुई, जहां आयोजन की तैयारियों और उसके धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख पर्व है। यह कुंभ मेला परंपरा से प्रेरित एक विशाल स्नान और आस्था का आयोजन है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। वर्ष 2026 का कुंभ विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इससे छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान पारंपरिक स्नान, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक उत्सव आयोजित किए जाएंगे, जिससे देश-विदेश के पर्यटक आकर्षित होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक एकता और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाला महापर्व है।
बैठक के दौरान आयुक्त रायपुर महादेव कावरे और कलेक्टर गरियाबंद बी.एस. उईके भी उपस्थित रहे। सरकार और जिला प्रशासन द्वारा कुंभ के लिए स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य सुविधाएं और डिजिटल प्रचार जैसी तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं।
राजिम कुंभ कल्प 2026 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समितियां भी गठित कर दी गई हैं, जिससे यह आयोजन छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित हो सके।





