मुख्यमंत्री साय ने जशपुर को दी सड़कों की बड़ी सौगात, 12.69 करोड़ रुपये मंजूर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के विकास को गति देने के लिए चार अहम सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी है। इन सड़कों पर कुल 12 करोड़ 69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे गांवों और शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और लोगों का आना-जाना आसान हो सकेगा।
स्वीकृत योजनाओं में कंडोरा से आराकोना तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 86 लाख रुपये, माडो से ढेंगनी तक 3 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 77 लाख रुपये, चराईडांड के मलेरिया बस्ती से एनएच-43 तक 1.9 किलोमीटर सड़क के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपये और बेहराखार अटल चौक से कुरूमढ़ोड़ा तक 2.86 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये शामिल हैं।
इन सड़कों के बनने से दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा। व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पहले से ज्यादा आसान होगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दो साल के कार्यकाल में जशपुर जिले में सड़क निर्माण के लिए 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है। इससे जिले की ग्रामीण तस्वीर तेजी से बदल रही है।
इस फैसले से जशपुर के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। लोगों का कहना है कि नई सड़कों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार की यह पहल छत्तीसगढ़ के हर इलाके तक विकास पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।





