बस्तर दौरे पर अमित शाह: 250 गांवों के लिए शुरू की मुख्यमंत्री बस सेवा

जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज बस्तर दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित किया। इससे पहले शाह ने मुख्यमंत्री बस सेवा की शुरुआत की, जो बस्तर के 34 रूटों पर चलकर 250 गांवों को जोड़ेगी।
दौरे के दौरान अमित शाह ने सिरहासार भवन में बस्तर दशहरा के तहत आयोजित मुरिया दरबार की पारंपरिक रस्म भी निभाई। उन्होंने मंत्री मांझी, चालकी, मेंबर और मेंबरीन समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद भंजदेव ने बताया कि शाह देश के पहले गृहमंत्री हैं जिन्होंने इस ऐतिहासिक रस्म में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमित शाह ने नक्सलवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया है और विश्वास जताया कि आगामी छह महीनों में बस्तर से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और हाल के अभियानों से यह साफ है कि अब बस्तर में विकास की गंगा बहेगी।
अमित शाह ने इस मौके पर महतारी वंदन योजना की 20वीं किस्त के तहत 606.94 करोड़ रुपये की राशि 64.94 लाख महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की। यह योजना 1 मार्च 2024 से शुरू हुई थी, जिसके तहत हर विवाहित महिला को हर माह 1,000 रुपये मिलते हैं। अब तक इस योजना से महिलाओं को कुल 12,983 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।





