शिक्षा विभाग में बाबू और अधिकारी के बीच विवाद, गाली-गलौज और धमकी का मामला थाने पहुँचा

रायपुर/बिलासपुर। शिक्षा विभाग के जिला परियोजना कार्यालय में बाबू और सहायक कार्यक्रम समन्वयक के बीच विवाद बढ़कर अब पुलिस तक पहुँच गया है। आरोप है कि सहायक कार्यक्रम समन्वयक चंद्रभान सिंह ठाकुर ने ऑफिस के क्लर्क (बाबू) सुमंत कुमार यादव से फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
क्लर्क ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राज्य परियोजना कार्यालय से अधिकारियों और कर्मचारियों की स्थापना संबंधी जानकारी मांगी गई थी। क्लर्क ने सभी की जानकारी तैयार कर ली थी, लेकिन सहायक कार्यक्रम समन्वयक ने अपनी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई, जिससे काम अटक गया।
जब बाबू ने उन्हें फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद ऑफिस ऑपरेटर ने फोन लगाया और स्पीकर ऑन कर दिया। जैसे ही बाबू ने वेतन और स्थापना संबंधी जानकारी मांगी, अधिकारी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। रोकने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
यह घटना 3 सितंबर की बताई जा रही है। इसके बाद अधिकारी ने दोबारा फोन कर भी अभद्र टिप्पणी की। ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी पूरी घटना सुनी।





