Railway News: रेलवे प्रबंधन के दावे फेल, रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री दुर्दशा का शिकार

Railway News: बिलासपुर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री दुर्दशा का शिकार है। यात्री सुविधाओं को बेहतर करने के दावे किए जाते हैं, वहीं हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश करती है। टिकट काउंटर से लेकर बाहर तक व्यवस्था और सुरक्षा की भारी कमी है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री अव्यवस्था और लापरवाही का उदाहरण बन गई है। जहाँ यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट काउंटर बनाया है।
वहां यात्रियों के बजाय आवारा कुत्तों का जमावड़ा है। स्थिति यह है कि यात्रियों को टिकट लेने में भी परेशानी होती है और कई बार डर के कारण वहां जाना ही टाल देते हैं। स्टेशन के बाहर की स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। जगह-जगह गड्डों से यात्रियों को हर पल हादसे का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, लेकिन रेलवे प्रशासन का ध्यान इस ओर नही जाता।
हाल ही में इस इलाके में सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई, जब अज्ञात चोरों ने टिकट काउंटर को निशाना बनाते हुए वहां रखी नगदी चुराकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात ये है कि अब तक चोरों का कोई सुराग तक नहीं लग पाया है। बिलासपुर रेलवे स्टेशन छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख जंक्शन है, लेकिन इसकी सेकेंड एंट्री की हालत देखकर यह कहना मुश्किल है। फिलहाल स्थानीय यात्री सुविधा और सुरक्षा के लिए रेलवे से जल्द कदम उठाने की उम्मीद कर रहे हैं।





