सिविल डिफेंस प्रशिक्षण का समापन, उत्कृष्ट जवानों को मिला सम्मान

बिलासपुर। परसदा स्थित एसडीआरएफ प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे छह दिवसीय सिविल डिफेंस प्रशिक्षण का 14 जून को समापन हो गया। यह प्रशिक्षण 9 जून से 14 जून तक चला, जिसमें जवानों को आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान महाराष्ट्र से एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट पवन जोशी भी विशेष रूप से शामिल हुए। समापन समारोह में एसडीआरएफ के डीआईजी सुरेश कुमार ठाकुर और डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांकुर सेम्युअल नाथ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को आपातकालीन परिस्थितियों- जैसे युद्ध, प्राकृतिक आपदा, दुर्घटनाएं आदि—से निपटने के लिए तैयार करना था। इसमें उन्हें अग्निशमन, प्राथमिक उपचार, राहत कार्य और रेस्क्यू ऑपरेशन जैसी जरूरी तकनीकों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से उनकी दक्षता और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं। सिविल डिफेंस न सिर्फ आपदाओं में जान बचाने का कार्य करता है, बल्कि समाज में शांति और व्यवस्था बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाता है।
इस तरह का प्रशिक्षण जवानों को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार करता है और देश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत बनाता है।





